शादी का झांसा देकर एक युवती के साथ दुष्कर्म किया गया है। युवती बार-बार उससे शादी का आग्रह करती रही लेकिन वह नहीं माना। अब युवती मां भी बन गई है। आरोप है कि युवक को जब उसने फोन किया तो उसने जान से मारने की धमकी भी दी। मामले में पुलिस ने राजपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
एसओ राजपुर मोहन सिंह ने बताया कि युवती मूल रूप से मुजफ्फरनगर उत्तर प्रदेश की रहने वाली है। वर्ष 2018 में उसका संपर्क यश चौधरी निवासी एसटीए, सन टॉवर, विंग एक, शिपरा सनसिटी, इंद्रापुरम गाजियाबाद, यूपी से हुआ। आरोप है कि उसने पीड़िता को विश्वास में लेकर पहले दोस्ती की। फिर शादी करने की बात कही। लॉक डाउन के दौरान 19 मई 2020 को वह पीड़ित के दून स्थित आवास में एक सप्ताह के लिए रहा। इस दौरान उसने पीड़िता को विश्वास दिलाया कि वह उससे शादी करेगा। आरोप है कि इस दौरान जूस में कुछ डालकर उसे पिलाया और दुष्कर्म किया।
इसके बाद पीड़िता गर्भवती हो गई। पीड़िता का आरोप है कि उस वक्त भी आरोपी ने कहा कि वह गर्भपात न कराए। पीड़िता ने बच्चे को जन्म दिया। इस दौरान आरोपी गाजियाबाद में था। आरोप है वह बीते 27 नवंबर को दून लौटा। पीड़िता ने उससे शादी करने को कहा तो उसने धमकी दी कि दोबारा इस बारे में जिक्र किया तो उसकी लाश का भी पता नहीं लगेगा। आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।