दो बार छेड़छाड़ की और अगवा करने का प्रयास किया
- फोटो : DEMO Pics
उत्तराखंड के पहाड़ी जिले में एक ऐसा वाक्या सामने है जिसने पुलिस को भी सकते में डाल दिया है।
पौड़ी जिले के थलीसैंण ब्लॉक के एक डिग्री कॉलेज की छात्रा का पिछले सात महीने से दो युवक जीना मुहाल कर रखा है। आरोपी युवकों ने दो बार उसके साथ छेड़छाड़ की और उसे अगवा करने का प्रयास किया।
इतना ही नहीं, दोनों बार वे छात्रा का मोबाइल फोन लूट कर ले गए तथा उसे सोशल मीडिया पर बदनाम करने की धमकी दे रहे हैं।
राजस्व पुलिस में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
कई धाराओं में मुकदमा दर्ज
युवकों से परेशान छात्रा ने अंतत: शनिवार को राजस्व पुलिस में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
छात्रा की तहरीर पर राजस्व पुलिस ने दोनों के खिलाफ छेड़छाड़, बेइज्जती करने, अपहरण का प्रयास, उगाही, लूट, गाली गलौच, जान से मारने की धमकी और आईटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
क्षेत्र में किराए के कमरे में रह रही चमोली जिले की यह छात्रा एक महाविद्यालय में व्यावसायिक कोर्स कर रही है। इस दौरान उसका परिचय पैठाणी बाजार में मोबाइल रिचार्ज कराने वाले दुकानदार रवि सैनी से हुआ।
सोशल मीडिया पर वायरल कर बदनाम करने की धमकी
छात्रा को अश्लील मेसैज भी करने लगे
रवि ने धोखे से छात्रा के कुछ निजी फोटो हासिल कर लिए। बाद में रवि और उसका दोस्त अश्विनी छात्रा को अश्लील मेसैज भी करने लगे। दोनों ने उसकी फेसबुक आईडी भी हैक कर ली। उसके निजी फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर बदनाम करने की धमकी भी दी।
राजस्व पुलिस को दी गई तहरीर में छात्रा ने आरोप लगाया कि 22 अप्रैल की रात दोनों युवक उसके कमरे में घुस आए थे और उससे छेड़छाड़ कर अगवा करने की कोशिश की। शोर मचाने पर युवक उसका मोबाइल लूटकर फरार हो गए। यही नहीं, उन्होंने छात्रा के परिजनों को भी फोन कर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद 11 सितंबर को भी दिनदहाड़े दोनों युवकों ने फिर पैठाणी में छात्रा को अगवा करने की कोशिश की।
तब लोगों के आने से युवक फिर छात्रा का मोबाइल लूटकर फरार हो गए। युवकों से परेशान छात्रा ने शनिवार को पैठाणी पटवारी चौकी में दोनों के खिलाफ तहरीर दी। चाकीसैंण के तहसीलदार डीसी पोखरियाल ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ छेड़छाड़, बेइज्जती करने, अपहरण का प्रयास, उगाही, लूट, गाली गलौच, जान से मारने की धमकी और आईटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।