मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत ने ऑल वेदर रोड के तहत चल रहे कार्यों पर संतोष जताया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में हर साल तीर्थयात्रियों एवं पर्यटकों की संख्या बढ़ रही है। ऐसे में इस प्रोजेक्ट का काम पूरा होने के बाद पर्यटन को बढ़ावा मिलने से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर तैयार होंगे। इस मौके पर गंगोत्री विधायक गोपाल रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश चौहान, डीएम डा. आशीष चौहान, एसपी पंकज भट्ट, एडीएम तीर्थपाल सिंह, एसडीएम आकाश जोशी, बीआरओ के कमांडर वीके श्रीवास्तव आदि तमाम अधिकारी मौजूद रहे। निरीक्षण और बैठक के बाद केंद्रीय राज्य मंत्री एवं सीएम दोपहर दो बजे देहरादून लौट गए।
आज सुबह पहली फ्लाइट से वीके सिंह जौलीग्रांट एयर पोर्ट पहुंचे। यहां उन्होंने मंत्रालय, बीआरओ और उत्तराखंड लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने परियोजना की भौतिक प्रगति की समीक्षा की। साथ ही राजमार्ग बनाने में आ रही दिक्कतों के बारे में भी जाना।
लोक निर्माण विभाग और केंद्रीय सड़क एवं राजमार्ग मंत्रालय के अधिकारियों के मुताबिक, 889 किमी. लंबे चारधाम ऑलवेदर रोड में से 250 किमी. रोड बनकर तैयार हो गई है। 400 किमी मार्ग के चौड़ीकरण का काम चल रहा है। राजमार्ग का बाकी बच्चे हिस्से पर काम शुरू नहीं हो पाया है। इसकी वजह पर्यावरणीय मानी जा रही है। राजमार्ग पर अब तक करीब 4000 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं।