जिस दिन वर्क ऑर्डर, उसी दिन आ गए पौधे
दअरसल, घोटाला करने वालों ने जम्मू कश्मीर से उत्तराखंड की दूरी का भी ध्यान नहीं दिया। सूचनाओं में पता चला कि जिस दिन वर्क ऑर्डर जारी हुए उसी दिन जम्मू कश्मीर की नर्सरी से पौधे आना भी दर्शाया गया। इन्हीं सब बातों को लेकर हाईकोर्ट में तीन याचिकाएं दायर की गई। तब तक सरकार का भी इस मामले में कम ही ध्यान था। अलबत्ता एसआईटी का गठन जरूर कर दिया गया था। गत वर्ष अक्तूबर में हाईकोर्ट ने इस मामले की जांच सीबीआई को सौंपने का आदेश पारित किया। हाईकोर्ट के इस आदेश के खिलाफ सरकार सुप्रीम कोर्ट भी गई, लेकिन वहां भी हाईकोर्ट के आदेश को ही बरकरार रखा गया।
अफसर-कर्मियों से सुबह से शाम तक पूछताछ
सीबीआई ने जांच के लिए कुल 12 टीमों का गठन किया है। सीबीआई के वसंत विहार ऑफिस में एचएस बवेजा समेत कुल 26 अधिकारियों और कर्मचारियों को पूछताछ के लिए बुलाया है। इसके साथ ही इनके ठिकानों पर हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड के नैनीताल, रानीखेत, देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, चंबा आदि और जम्मू कश्मीर में तलाशी भी ली गई। सीबीआई के अधिकारिक सूत्रों ने बताया, तलाशी अभियान पूरा हो चुका है। बहुत से दस्तावेज व अन्य सामग्री कब्जे में ली गई है। हालांकि, सूत्रों ने अभी किसी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की है।