30 घंटे की रिमांड पर लिए गए इस कुख्यात ने अपने कई जुर्म उगले, लेकिन कुछ खुलासे ऐसे किए जिससे पुलिस भी सकते में आ गई।
कुख्यात की निशानदेही पर बागपत जेल से इंटक नेता को धमकी देने में प्रयुक्त मोबाइल बरामद करने का दावा करते हुए पुलिस ने शनिवार को राठी से लंबी पूछताछ की। वर्ष 2001 से अब तक हरिद्वार जिले में चल रहे इसके साम्राज्य की जानकारी जुटाई। इस दौरान राठी ने कई अपराध स्वीकार किए जबकि कई को खारिज किया। हालांकि पुलिस ने यह नहीं बताया कि राठी ने कौन-कौन से अपराध स्वीकार किए। उसके बाद इसे रामनगर (रुड़की) वापस जेल भेज दिया।
शहर के चिकित्सक डॉ एनडी अरोड़ा और श्रमिक नेता दिनेश सुंदरियाल को मिले धमकी भरे फोन के मामले में कुख्यात राठी नामजद है। दोनों मामलों की जांच चल रही है। इसके लिए रिमांड पर लिए राठी से शुक्रवार को पूछताछ की। बागपत जेल ले जाकर राठी की निशानदेही पर दिनेश सुंदरियाल को धमकी देने में प्रयुक्त मोबाइल फोन बरामद किया।
शनिवार को दोबारा राठी से कई दौर की पूछताछ की। इस दौरान पुलिस ने जेलर हत्याकांड से लेकर ज्वालापुर के प्रापर्टी डीलर अरविंद चौहान के निवास पर करीब सात साल पहले की फायरिंग समेत कई मामलों को लेकर पूछताछ की। इस दौरान पुलिस की ओर से कई सवाल किए।