हरिद्वार जिले के ज्वालापुर की विवादित 56 बीघा जमीन से जुड़े मुकदमे और कांग्रेस नेता तोष जैन के घर में घुसकर धमकाने के मामले में गिरफ्तार यशपाल तोमर पर अब कानूनी शिकंजा कसता जा रहा है। जिलाधिकारी की तरफ से अनुमति मिलने के बाद पुलिस ने यशपाल समेत चार के खिलाफ खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है।
ज्वालापुर कोतवाल महेश जोशी की ओर से यशपाल और उसके धंधे में शामिल तीन साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस यशपाल के वेस्ट यूपी और हरियाणा के अलावा हरिद्वार में छुपे मददगारों को भी इस मामले में नामजद कर सकती है। यशपाल तोमर का जाल हरिद्वार से लेकर पश्चिम उत्तर प्रदेश और हरियाणा तक फैला हुआ है। करोड़ों की विवादित संपत्तियों पर यशपाल और उससे जुड़े लोगों का कब्जा है।
डीजीपी अशोक कुमार के संज्ञान में आने के बाद एसटीएफ की टीम उसे ज्वालापुर की 56 बीघा जमीन के मामले में धमकी देने पर गुरु ग्राम से गिरफ्तार किया था। कनखल निवासी तोष जैन के घर में घुसकर धमकी देने के मामले में भी यशपाल तोमर फरार चल रहा था। उस मुकदमे में भी पुलिस ने यशपाल तोमर की गिरफ्तारी दिखाई है। गिरोह बनाकर विवादित जमीनों का धंधा करने की बात एसटीएफ की पड़ताल में सामने आने पर पुलिस ने अब उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में कानूनी शिकंजा कस दिया है।
ज्वालापुर कोतवाल महेश जोशी की ओर से दर्ज कराए गए इस मुकदमे में फिलहाल यशपाल तोमर निवासी बरवाला थाना रमाला बागपत, धीरज डिगानी निवासी संत बाबा टहल दास चैरिटेबल ट्रस्ट, पीली बंगा जिला हनुमानगढ़ राजस्थान, गिरधारी चावला और सचिन चावला निवासीगण निर्माण विहार दिल्ली को नामजद किया गया है।