मसूरी विधानसभा क्षेत्र की स्वास्थ्य समस्याओं पर विधायक गणेश जोशी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने बृहस्पतिवार को सचिवालय में प्रमुख सचिव स्वास्थ्य ओमप्रकाश से मुलाकात की।
विधायक ने बताया कि वर्ष 2010 में शुरू हुआ मसूरी सिविल अस्पताल के भवन का निर्माण अब तक पूरा नहीं हुआ। जबकि वर्ष 2013-14 में बनकर तैयार किया जाना था। मांग पर भवन निर्माण का बजट भी बढ़ाया गया। शासन से बजट आवंटित न होने से सिविल अस्पताल आवासीय परिसर में चल रहा है।
कार्यदायी संस्था को नोटिस
प्रमुख सचिव ने बताया कि निर्माण कार्य में घटिया गुणवत्ता पर कार्यदायी संस्था को नोटिस जारी किया गया है। एक महीने में स्पष्टीकरण न मिलने पर काम दूसरी कार्यदायी संस्था को सौंप दिया जाएगा।
विधायक ने शव गृह को सड़क के नजदीक बनाने, ईएनटी डॉक्टर की पोस्टिंग करने आदि मांग भी की गई। प्रमुख सचिव ने सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल, रूप सिंह कठैत, महामंत्री कुशाल राणा, गंभीर पंवार, अमित भट्ट, धर्मपाल पंवार, कपिल मलिक शामिल थे।