जी-20 में आए मेहमानों को देखने के लिए हाइवे किनारे उमड़ी भीड़
- फोटो : अमर उजाला
डेलीगेट्स के काफिले को देखने हाइवे किनारे उमड़े लोग
रुद्रपुर में परशुराम चौक से डीडी चौक समेत विभिन्न स्थानों पर हाइवे किनारे लोग काफिले को देखने के लिए एकत्र हुए थे। करीब एक घंटे तक इंतजार के बाद जैसे ही हाइवे को जीरो जोन किया गया तो लोगों की उत्सुकता और बढ़ गई। कुछ देर बाद हाइवे पर गुजरते वाहनों की कतार देखकर लोग इस दृश्य का गवाह बनने के लिए दूर से सेल्फी लेने लगे, कई लोगों ने वीडियो बनाया। विदेशी मेहमानों ने गाड़ियों की खिड़कियों से हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।
मदरसे के बच्चों ने विदेशी मेहमानों का 20 देशों के झंडों के साथ किया स्वागत
विदेशी मेहमानों का इंदिरा चौक में मदरसा जामिआतुल हसनात रुद्रपुर के छात्र-छात्राओं ने हाथों में गुलाब के फूल और 20 देशों के झंडों के साथ स्वागत किया। जामियातुल हसनात के प्रबंधक व सचिव मुहम्मद फैजान रजा ने बताया कि जिले में अन्य कई विद्यालयों के साथ उत्तराखंड मदरसा शिक्षा परिषद की ओर से संचालित दो मदरसों को अतिथियों के स्वागत का यह सौभाग्य प्राप्त हुआ है। इसमें रुद्रपुर से जामियातुल हसनात व केलाखेड़ा से मदरसा गरीब नवाज हैं। केलाखेड़ा में एमजीएम इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने जी-20 में शामिल देशों के ध्वज दिखाकर मेहमानों का अभिवादन किया। दोराहा रोड पर गुरुद्वारा साहिब के सामने कमेटी पदाधिकारियों ने स्वागत किया।