फेसबुक पर एक धर्मस्थल की आपत्तिजनक फोटो टैग किए जाने से रामनगर में शुक्रवार को बवाल हो गया। टैग करने वाले युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कोतवाली पहुंचे सैकड़ों लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया।
गुस्साए लोगों ने रोडवेज की एक बस में तोड़फोड़ कर डाली। कोतवाली के सामने ही जमकर पथराव किया। दो बाइकों में आग लगा दी। बवाल रोकने के लिए आईआरबी को लाठीचार्ज करना पड़ा, तब जाकर मामला कुछ शांत हुआ।
प्रशासन की लापरवाही से बढ़ा बवाल
इस पूरी घटना में रामनगर के साथ ही जिला पुलिस और प्रशासन की लापरवाही सामने आई है। घटना के तीन घंटे बाद वहां एसएसपी और डीएम सहित तमाम अफसर पहुंचे। बताया जा रहा है कि अगर कोई भी बड़ा अधिकारी वक्त पर वहां पहुंच जाता तो बवाल टल सकता था।
बवाल की शुरुआत शुक्रवार शाम करीब साढे़ पांच बजे हुई। नई बस्ती निवासी राजीव शर्मा के खिलाफ खताड़ी निवासी मोहम्मद दानिश ने कोतवाली में तहरीर दी है। उनके साथ बड़ी संख्या में लोग कोतवाली पहुंचे थे।
फोटो कर दी टैग
वहां मौजूद एसएसआई आरके पांडे ने उन्हें कार्रवाई का आश्वासन दिया, मगर कुछ ही देर में धार्मिक स्थल की आपत्तिजनक फोटो टैग किए जाने की खबर मिलते ही समुदाय विशेष के सैकड़ों लोग कोतवाली पहुंच गए। उन्होंने कोतवाली घेर ली।
सड़क तक लोगों की भीड़ जमा हो गई। मामला बढ़ता गया और कुछ लोगों ने कोतवाली के बाहर जाम लगा दिया। लोगों ने वहां से गुजर रही रोडवेज बस (यूके07बीए-1733) में पथराव कर दिया। इसके बाद बवाल शुरू हो गया और भगदड़ मच गई।
लाठीचार्ज से भड़के लोग
सूचना मिलने पर भी कोई बड़ा अधिकारी फोर्स के साथ वहां नहीं पहुंचा। इससे लोगों का आक्रोश और बढ़ गया। काफी देर बाद पहुंची आईआरबी ने लोगों को शांत कराने के लिए लाठीचार्ज कर दिया।
इससे लोग और भड़क गए तथा कोतवाली के बाहर ही उन्होंने दो बाइकें फूंक दी। आईआरबी के जवानों ने किसी तरह स्थिति पर काबू पाया।
इमाम की अपील पर शांत हुए लोग
उधर, जामा मस्जिद के शहर इमाम मौलाना हसन रजा मिस्वाही ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। इस पर लोग कुछ शांत हुए।
करीब साढे़ आठ बजे एसएसपी विम्मी सचदेवा, डीएम अक्षत गुप्ता, एसपी सिटी अमित श्रीवास्तव, सीओ लोकजीत सिंह सहित हल्द्वानी से बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स वहां पहुंच गई।
पीएसी तैनात
मामले की गंभीरता को देखते हुए ऊधमसिंह नगर से भी फोर्स और एक कंपनी पीएसी मंगवा ली गई थी। देर रात तक मामले को लेकर समुदाय विशेष के नेताओं की डीएम और एसएसपी से वार्ता चल रही थी। कोतवाली के आसपास और शहर में एहतियातन फोर्स तैनात कर दी गई है।