मसूरी के शिफन कोर्ट के लोगों ने बृहस्पतिवार को शहीद स्थल से नगर पालिका परिषद के कार्यालय तक वादा निभाओ शंखनाद रैली निकाली। इस दौरान उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता और मसूरी विधायक व कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
रैली को समर्थन देते हुए यूकेडी, कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि एक सप्ताह के भीतर शिफन कोर्ट के लोगों का विस्थापन नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन करेंगे। रैली संयोजक प्रदीप भंडारी ने कहा पालिकाध्यक्ष अनुज गुप्ता और कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने गरीब जनता के साथ वादा कर उसको पूरा नहीं किया। आईडीएच में आवास बनाने के लिए सीएम ने भूमि पूजन किया लेकिन आज तक निर्माण शुरू नहीं हुआ।
यूकेडी के केंद्रीय मीडिया प्रभारी शिवप्रसाद सेमवाल ने कहा कि तीन साल के बाद भी शिफन कोर्ट से हटाए गए मजदूरों का आज तक पुनर्वास नही हुआ और रोपवे निर्माण भी शुरू नही हो पाया। यूकेडी जिला अध्यक्ष संजय डोभाल ने कहा कि 13 मार्च से शुरू होने वाले गैरसैंण विधानसभा सत्र के दौरान इस मुद्दे पर सरकार का घेराव करेंगे। इस मौके पर सामाजिक कार्यकर्ता मनीष गौनियाल, कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता पंकज क्षेत्री, राज्य आंदोलनकारी प्रमिला रावत, पूर्व आयुक्त गढ़वाल एसएस पांगती, पीसी थपलियाल आदि मौजूद रहे।