पेट्रोल और डीजल की सप्लाई के एकाएक अनियमित होने से उत्तराखंड सरकार के माथे पर चिंता की लकीरें उभर आई हैं। सीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि इस संबंध में केंद्र से वार्ता करें। राज्य में चार धाम यात्रा का हवाला देकर केंद्र से पर्याप्त मात्रा में राज्य को ईंधन आपूर्ति मांगी जाएगी।
कई राज्यों में पेट्रोल और डीजल की सप्लाई की पैदा हुई दिक्कत के चलते सीएम हरीश रावत ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है।
मुख्य सचिव को दिए निर्देश
केंद्र के कुछ आयल रिफाइनरियों के अपग्रेडशन करने के चलते पेट्रोल की सप्लाई कई राज्यों में प्रभावित हो रही है। उत्तराखंड में कुछ स्थानों पर पेट्रोल की किल्लत हुई थी, जिसके बाद सरकार ने सप्लाई को नियमित बनाने के लिए मुख्य सचिव को केंद्र से वार्ता के लिए आदेश दिए हैं।
सरकार का मानना है कि चार धाम यात्रा सीजन शुरू होने के समय अगर वाहनों की ईंधन सप्लाई प्रभावित हुई तो उसका असर तीर्थाटन पर पड़ेगा।
केंद्र से किया अनुरोध
मुख्यमंत्री के मीडिया प्रभारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि सीएम ने मुख्य सचिव एन रविशंकर व प्रमुख सचिव खाद्य नागरिक आपूर्ति राधा रतूड़ी को निर्देश दिए हैं कि चार धाम यात्रा में पेट्रोल व डीजल की किल्लत न हो इसके लिए व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं।
ईंधन सप्लाई को नियमित बनाए रखने के लिए केंद्र से वार्ता की जाए। उन्होंने कहा कि केंद्र से प्रदेश में चार धाम यात्रा को लेकर अनुरोध किया गया है।