देहरादून स्थित भारतीय सैन्य अकादमी में सिविल भर्ती फर्जीवाड़े के आरोपी बटलर को सीबीआई ने गिरफ्तार कर लिया है।
पूछताछ के बाद कुछ अन्य गिरफ्तारी संभव
विशेष न्यायाधीश सीबीआई की अदालत में पेशी के बाद जांच एजेंसी ने आरोपी सुरेश की दो दिन की रिमांड हासिल कर ली। बताया जा रहा है कि आरोपी से पूछताछ के बाद कुछ अन्य गिरफ्तारी संभव है।
अगस्त 2013 में आईएमए में ग्रुप सी और डी के कुछ पदों पर भर्तियां हुई थीं। कई युवकों ने फर्जी दस्तावेजों के नाम पर नौकरी हासिल कर ली थी।
अकादमी के बटलर सुरेश पर आरोप था कि उसने नौकरी दिलाने के नाम पर कई लोगों से लाखों रुपए वसूले थे। आईएमए प्रशासन ने आरोपी के खिलाफ कोर्ट आफ इन्क्वायरी का आदेश दिया था।
जांच में सबूत मिलने के बाद अप्रैल 2014 में मामला सीबीआई को सौंप दिया गया था। बुधवार को सीबीआई ने सुरेश को दबोच लिया। गुरुवार को उसे विशेष जज अमित कुमार सिरोही की अदालत में पेश किया गया, जहां से सीबीआई को रिमांड मिल गई।
आईएमए कर चुका है बर्खास्त
अकादमी ने कोर्ट आफ इंक्वायरी रिपोर्ट के आधार पर आरोपी बटलर की सेवाएं समाप्त कर दी हैं। इस प्रकरण में अन्य लोगों की मिलीभगत की संभावनाओं पर सीबीआई जांच कर रही है।