पहले ही ट्रेनों की कमी झेल रहे देहरादून स्टेशन से सफर करने वाले रेल यात्री कोहरे की मार से हलाकान हैं। मैदानी क्षेत्रों में कोहरे के चलते चार ट्रेनें निरस्त होने से यात्रियों की मुसीबत बढ़ गई है।
रविवार से इन ट्रेनों का संचालन बंद हुआ तो दूसरी ट्रेनों पर भी इसका असर दिखाई दिया। कई ट्रेनें खचाखच भरकर रवाना हुईं तो कई यात्रियों को रिजर्वेशन नहीं मिल पाया। जानकारी के अभाव में कई यात्री अपनी ट्रेन की तलाश में स्टेशन पर भटकते नजर आए।
ट्रेनों की आवाजाही घटने से स्टेशन पर विभिन्न सामान के स्टॉल लगाने वाले संचालक भी बिक्री नहीं होने से निराश हैं। रेलवे कर्मियों से लेकर आम यात्री तक दून स्टेशन से ट्रेनों में कटौती का विरोध कर रहे हैं।
देहरादून से रोजाना औसतन 16 ट्रेनों का संचालन होता है। रविवार को अमर उजाला संवाददाता मनीष चंद्र भट्ट ने यात्रियों की समस्या के मद्देनजर रेलवे स्टेशन का जायजा लिया तो कुछ इस तरह की तस्वीर नजर आई।
सुबह 10:10 बजे
यह सामान्य दिनों में अमृतसर से आने वाली लाहौरी एक्सप्रेस के दून पहुंचने का समय है। अन्य दिनों की अपेक्षा स्टेशन पर भीड़ कम है। कुछ देर बाद बांद्रा एक्सप्रेस को रवाना होना है। बांद्रा एक्सप्रेस के यात्री ट्रेन में सवार हो रहे हैं। प्लेटफार्म के स्टाल पर भी सूनापन है।
दोपहर 1.25 बजे
इलाहाबाद जाने वाली लिंक एक्सप्रेस रवाना होने वाली है। बनारस जाने वाली जनता एक्सप्रेस के निरस्त होने के कारण लिंक एक्सप्रेस के कोच यात्रियों से खचाखच भरे हैं। बीच-बीच में आरपीएफ और जीआरपी के पुलिसकर्मी व्यवस्थाएं बनाते नजर आ रहे हैं। दरअसल, जनता एक्सप्रेस और लिंक एक्सप्रेस के समान रूट पर पड़ने वाले स्टेशनों के यात्रियों के इसी ट्रेन से जाने की वजह से यह स्थिति बनी है।
अपराह्न 4.00 बजे
स्टेशन पर एकमात्र शताब्दी एक्सप्रेस तीन नंबर प्लेटफार्म पर खड़ी है। शताब्दी एक्सप्रेस के यात्री तीन नंबर प्लेटफार्म पर चहलकदमी कर रहे हैं। बाकी स्टेशन पर पूरी तरह सन्नाटा पसरा है।
शाम 6.00 बजे
स्टेशन पर कुछ यात्री ट्रेन की तलाश में भटक रहे हैं तो कुछ द्वितीय श्रेणी के टिकट काउंटर पर टिकट खरीद रहे हैं। 6.20 बजे बनारस जाने वाली जनता एक्सप्रेस के निरस्त होने का पता लगने पर यात्री मायूस होकर लौट रहे हैं। यात्री राजेश ने बताया कि उन्हें मुरादाबाद जाना है। सोचा था कि जनरल श्रेणी में मुरादाबाद जाएंगे, लेकिन यहां पता लगा कि जनता एक्सप्रेस निरस्त है। अब बस से जाना पड़ेगा या हावड़ा एक्सप्रेस का इंतजार करूंगा।
ये ट्रेनें हैं निरस्त
मैदानी क्षेत्रों में पड़ रहे कोहरे की वजह से 18 दिसंबर से आगामी 15 जनवरी तक दून से जनता एक्सप्रेस, लाहौरी एक्सप्रेस और उज्जैनी एक्सप्रेस निरस्त कर दी गईं हैं। जबकि, इंदौरी एक्सप्रेस का संचालन हरिद्वार से किया जा रहा है।
राजधानी होने के अलावा दून से मसूरी, चकराता जैसे कई पर्यटन स्थल जुड़े हैं। यहां से पहले ही सीमित ट्रेनों का संचालन होता है। कोढ़ में खाज यह है कि स्टेशन छोटा होने की वजह से अधिक कोच की ट्रेन का भी यहां से संचालन नहीं हो पाता है। ऐसे में चार ट्रेनों को एक महीने निरस्त करना सही नहीं है।
- दीपक बौड़ाई जोनल अध्यक्ष, उत्तर रेलवे मजदूर यूनियन (यूथ विंग)
दून से चार ट्रेनों का संचालन एक महीने के लिए ठप रखना अव्यवहारिक फैसला है। हर वर्ष दून स्टेशन और यात्रियों को इसका खामियाजा झेलना पड़ता है। दूसरे रूट की ट्रेनों का शेड्यूल बदलकर भी दून से ट्रेनों का संचालन निरस्त करने से रोका जा सकता है।
- राजेंद्र गुसाईं, शाखा सचिव, नार्दर्न रेलवे मैंस यूनियन
ट्रेनों के निरस्त होने की सूचना कई दिन से स्टेशन पर एनाउंसमेंट और अन्य माध्यमों से दी जा रही है। ट्रेनों का संचालन मुरादाबाद रेल मंडल से मिले निर्देशों के तहत ही किया जा रहा है।
- करतार सिंह, स्टेशन अधीक्षक