रविवार को पिथौरागढ़ में कालामुनि और बेटुलीधार के बीच शनिवार रात हुए कार हादसे में जान गंवा चुकी चार जिंदगियां बच सकती थी। घायल खाई में पड़े हुए तड़पते रहे लेकिन उन्हें लेने 'जीवनदायिनी' पहुंची ही नहीं।
जानकारी के मुताबिक पीड़ितों की मदद के लिए 108 आपातकालीन सेवा नहीं मिल पाई। आधी रात के बाद जब कार दुर्घटना में घायल गणेश राम ने 108 आपातकालीन सेवा को फोन किया तो उनको जवाब मिला कि मुनस्यारी के 108 वाहन के चालक और फार्मेसिस्ट छुट्टी पर हैं।
इस कारण सेवा मिल पाना संभव नहीं है। उसके बाद थल से 108 आपात वाहन को मौके पर भेजा गया, लेकिन यह वाहन थल-मुनस्यारी सड़क चिफलवा के पास बंद होने के कारण आगे नहीं बढ़ पाया। सूचना देने में इस कारण भी विलंब हुआ, क्योंकि कालामुनि और बेटुलीधार के बीच किसी भी संचार कंपनी का नेटवर्क नहीं है।