नार्दन रीजन की विद्युत लाइनों में शुक्रवार को खराबी आने से उत्तराखंड के कई क्षेत्रों में चार घंटे तक की बिजली कटौती करनी पड़ी। इससे लोगों को मुसीबत का सामना करना पड़ा।
नार्दन रीजन की विद्युत ट्रांसमिशन लाइनों में खराबी आने की वजह से नार्दन रीजन लोड डिस्पैच सेंटर(एनआरएलडीसी) ने उत्तराखंड को ज्यादा बिजली खींचने से मना कर दिया। इस कारण ऊर्जा निगम को खरीदी हुई बिजली नहीं मिल पायी।
गढ़वाल और कुमाऊं हर जगह कटौती
इससे राज्य में गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के छोटे शहरों में तीन घंटे कटौती हुई। इसी तरह काशीपुर, हल्द्वानी, रुद्रपुर, रुड़की शहर साढ़े तीन घंटे, उद्यमसिंह नगर और हरिद्वार जिले ग्रामीण क्षेत्रों में चार घंटे की बिजली कटौती की गई। ऊर्जा निगम के प्रवक्ता मधुसूदन ने बताया कि ऊर्जा निगम द्वारा शनिवार के लिए इंडियन एनर्जी एक्सचेंज से 43 लाख यूनिट अतिरिक्त बिजली की खरीद की गई है।
दून में भी बिजली कटौती ने किया परेशान
दून में भी बिजली कटौती ने लोगों को दिनभर परेशान किए रखा। पटेलनगर और सेलाकुई इंडस्ट्रियल एरिया में करीब तीन घंटे की बिजली कटौती हुई। वहीं, सहारनपुर रोड, माजरा, गुरू रोड, कारगी, शिवालिक एनक्लेव, आईएसबीटी, मेहूवाला, धर्मपुर, नेहरू कालोनी, अजबपुर, राजपुर, जाखन, सहस्त्रधारा रोड, तपोवन, रायपुर आदि क्षेत्रों में दो घंटे की बिजली कटौती हुई। यहां पर बिजली की आंखमिचौली से भी लोग परेशान रहे।