जैन समाज का चातुर्मास शुक्रवार से शुरू हो गया है। दिगंबर जैन समाज के आचार्य विबुद्ध सागर महाराज और क्षुल्लकरत्न समर्पण सागर महाराज गांधी रोड स्थित जैन धर्मशाला, जबकि श्वेतांबर जैन समाज में विकसित मुनि महाराज व दर्पण मुनि महाराज तिलक रोड स्थित जैन श्वेतांबर स्थानक में रहेंगे। चार महीने तक जैन मुनि सुबह एक घंटे का नित्य प्रवचन करेंगे।
जैन धर्मशाला में वर्षायोग स्थापना से पूर्व आचार्य विबुद्ध सागर महाराज ने केशलोच किया। जैन भवन मंत्री संदीप जैन ने बताया कि रविवार को कलश स्थापना एवं सूक्ष्म कलश यात्रा निकाली जाएगी। जैन मिलन के राष्ट्रीय महामंत्री एनसी जैन व केंद्रीय महिला संयोजक मधु जैन ने बताया कि बरसात में जैन मुनि विचरण नहीं करते, क्योंकि बरसात में अधिक जीवों की उत्पत्ति होती है और विचरण करने से जीव हिंसा न हो इसको लेकर जैन मुनि इस समय जहां पर हैं, वहीं पर अपना चातुर्मास संपन्न करते हैं। बीते वर्ष कोरोना संक्रमण के चलते देहरादून में कोई भी जैन मुनि चातुर्मास पर नहीं रुके थे। इस दौरान जैन समाज के अध्यक्ष विनोद जैन, महामंत्री हर्ष जैन, कोषाध्यक्ष अनिल जैन, सचिन जैन, मधु जैन आदि मौजूद रहे।