उत्तराखंड मास्टर्स स्पोर्ट्स एसोसिएशन की ओर से आयोजित दो दिवसीय डे नाइट फुटबाल चैंपियनशिप का रविवार को समापन हो गया। इसमें 30 से 60 वर्ष से अधिक के आयु वर्गों के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों ने प्रतिभाग कर शानदार खेल दिखाया। पुरुष वर्ग में यूके मास्टर्स टिहरी और महिला वर्ग में एसबीपीएस देहरादून की टीम ने चैंपियनशिप अपने नाम की।
सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल में विश्व फुटबाल पर आयोजित चैंपियनशिप का उद्घाटन बलूनी ग्रुप ऑफ एजुकेशन के प्रबंध निदेशक विपिन बलूनी ने बतौर मुख्य अतिथि किया। पुरुष वर्ग का फाइनल मुकाबला यूके मास्टर्स पौड़ी एवं यूके मास्टर्स टिहरी के बीच खेला गया। संघर्ष पूर्ण मुकाबले में यूके मास्टर्स टिहरी ने विपक्षी टीम को 1-0 से पराजित कर खिताब कब्जाया। विजेता टीम के फॉरवर्ड खिलाड़ी तेजिंदर सिंह ने गोल किया। वहीं, महिला वर्ग का फाइनल मैच यूके मास्टर्स चमोली और एसबीपीएस देहरादून के बीच खेला गया। इसमें दोनों टीमों के डिफेंडरों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया है। इसका नतीजा यह रहा कि कोई भी फॉरवर्ड अपनी टीम के लिए गोल नहीं कर पाया।
पेनाल्टी शूट में एसबीपीएस देहरादून ने बाजी मारी। टीम के लिए नीतू रावत एवं अंकित सोलंकी ने गोल किया। जबकि, यूके मास्टर्स चमोली की टीम के लिए एकमात्र गोल कप्तान गायत्री ने किया। समारोह में विजेता व उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर अंतरराष्ट्रीय फुटबाल खिलाड़ी भीम बहादुर क्षेत्री, पूर्व डीएसपी एमएस नेगी, राष्ट्रीय खिलाड़ी गणेश प्रसाद काला, पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी गुरफूल सिंह, रिटायर्ड कैप्टन बीपी थापा, झूमा रावत आदि मौजूद रहे।
इन्हें किया गया सम्मानित
पुरुष वर्ग में विपेंद्र सिंह रावत को प्लेयर ऑफ द चैंपियनशिप, अजय गैरोला को सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर, प्रमोद बर्तवाल को सर्वश्रेष्ठ मिडफील्डर, कुलभूषण द्विवेदी को सर्वश्रेष्ठ फॉरवर्ड और परवीन सिंह को सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर के खिताब से नवाजा गया। कर्नल मनोज रावत को बेस्ट लीजेंड प्लेयर चुना गया। महिला वर्ग में कल्पना देवली को प्लेयर ऑफ द चैंपियनशिप, सरोजनी थपलियाल को सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर, संगीता असवाल को सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर, अंजली को सर्वश्रेष्ठ मिडफील्डर और मेघा थापा को सर्वश्रेष्ठ फॉरवर्ड का पुरस्कार प्रदान किया गया।