शिशु सदन में रहने वाले आठ बच्चों को फूड प्वॉइजनिंग की शिकायत के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी बच्चों की हालत खतरे से बाहर है। सूचना मिलने पर डीएम, एसडीएम सहित अन्य संबंधित अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर बच्चों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। डीएम ईवा आशीष श्रीवास्तव ने फूड प्वॉइजनिंग के कारणों की जांच के आदेश दिए हैं।
बख में स्थित शिशु सदन में 19 बच्चे पल रहे हैं। इनमें से कुछ बच्चे एडम्स प्राथमिक स्कूल में पढ़ते हैं। सुबह विद्यालय पहुंचने के कुछ देर बाद दो-तीन बच्चों को उल्टियां होने लगीं। साथ के अन्य बच्चे भी तबियत ठीक नहीं होने की बात कह रहे थे। स्कूल प्रशासन ने इसकी सूचना प्रशासन के अधिकारियों को दी। सभी आठ बच्चों को तुरंत जिला अस्पताल लाया गया।
घटना की जानकारी मिलने पर डीएम ईवा आशीष श्रीवास्तव और एसडीएम विवेक राय सहित अन्य अधिकारी जिला अस्पताल पहुंच गए। एसडीएम विवेक राय ने बताया कि दो बच्चों को ही उल्टियां हुईं, जबकि एहतियातन अन्य बच्चों की भी जांच की गई। बताया कि सभी बच्चे खतरे से बाहर हैं। फिलहाल उन्हें अस्पताल से छुट्टी नहीं दी गई है।
इधर, डीएम ने बताया कि फूड प्वॉइजनिंग की जानकारी मिलने पर तत्काल खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को शिशु सदन भेजा गया। वहां भोजन आदि की जांच की गई है। इसमें भोजन बासी होने की बात सामने नहीं आई है। वहीं डीएम ने मामले की जांच एसडीएम को सौंपी है।