राजधानी देहरादून में लालपुल से हरिद्वार बाईपास के बीच एलिवेटेड रोड (नीचे नदी ऊपर सड़क) बनाने की तैयारी है।
इस संबंध में एमडीडीए वीसी आर मीनाक्षी सुंदरम ने लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता सीएम पांडे को प्रस्ताव बनाने का निर्देश दिया। कंसल्टेंसी पर आने वाले खर्च का वहन एमडीडीए करेगा।
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री आवास से हरिद्वार बाईपास के बीच बिंदाल नदी के ऊपर एलिवेटेड रोड बनाने की स्थिति में करीब 350 करोड़ रुपए का खर्च आएगा। पहले चरण में लालपुल से हरिद्वार बाईपास के बीच एलिवेटेड रोड बनाने की कवायद हो रही है, जिस पर लगभग 100 करोड़ खर्च का अनुमान है।
रायपुर रोड चौड़ीकरण के लिए स्थलीय निरीक्षण
सर्वे चौक से सहस्त्रधारा क्रासिंग के बीच फोरलेन सड़क बनाई जाएगी। इस कार्य को एमडीडीए ने टेकअप कर लिया है। चौड़ीकरण की जद में आने वाले भवनों के पुनर्वास का कार्य एमडीडीए की ओर से किया जाएगा। इस संबंध में मंगलवार को एमडीडीए वीसी आर मीनाक्षी सुंदरम, डीएम बीवीआरसी पुरुषोत्तम, अधिशासी अभियंता लोनिवि प्रांतीय खंड सीएम पांडे सहित अन्य अधिकारियों ने स्थलीय निरीक्षण किया।
नदी से बचाव के लिए होगा कार्य
एमडीडीए कालोनी अजबपुर कला शिव मंदिर के पास रिस्पना नदी से भूमि कटाव हो रहा है। लगभग 200 मीटर तार जाल नदी से तेज बहाव में बह गया है। उस पर सुरक्षा दीवार बनाने का कार्य एमडीडीए करेगा। प्रस्ताव बनाने के लिए एमडीडीए वीसी ने सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिया।
ड्रेनेज भी ठीक करेगा एमडीडीए
राजधानी की ड्रेनेज व्यवस्था को ठीक करने के लिए भी एमडीडीए ने कदम उठाने शुरू कर दिए है। पहला यह कि मास्टर प्लान का कंसल्टेंसी शुल्क एमडीडीए की ओर से भुगतान किया जाएगा। इसके बाद उस मास्टर प्लान के अनुसार जीएमएस रोड, शास्त्री नगर सहित अन्य कई इलाकों में ड्रेनेज बनाने का कार्य शुरू कराया जाएगा।