कर्ज के बोझ से दबकर खुदकुशी करने वाले किसान के घर मंगलवार को भाजपा के तीन विधायक मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत का संदेश लेकर पहुंचे। विधायकों ने किसान की विधवा से मुख्यमंत्री की फोन पर बात कराई।
मुख्यमंत्री ने सीएम विवेकाधीन कोष से पांच लाख रुपये देने की घोषणा की। विधायक पुष्कर सिंह धामी ने भी एक लाख रुपये स्वयं देने की घोषणा की। रुद्रपुर के विधायक राजकुमार ठुकराल, नानकमत्ता के विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा ने कहा कि तीनों विधायक किसान की सभी बेटियों के विवाह में आर्थिक सहायता करेंगे।
कर्ज से दबे पचपेड़ा हल्दी निवासी किसान रामअवतार ने 24 जून को आत्महत्या कर ली थी। मंगलवार को उसके घर पहुंचे भाजपा विधायक ठुकराल, धामी, डॉ. राणा ने दुख व्यक्त किया।
गिरवी जमीन होगी बंधकमुक्त
farmer
उन्होंने मृतक किसान की पत्नी शकुंतला की मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत से फोन पर बात कराई। शकुंतला ने फोन पर कहा कि उनकी छह बेटियां और एक बेटा है। जमीन साहूकारों के पास गिरवी है।
बैंकों के लोन समेत कुल 10 लाख रुपये की बकाएदारी है। मुख्यमंत्री रावत ने तात्कालिक पांच लाख की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने एसडीएम विजयनाथ शुक्ल, कोतवाल चंचल शर्मा से कहा कि जो भी जमीन जिस साहूकार के पास भी गिरवी है, उस जमीन को बंधन मुक्त कराकर किसान के परिवार को वापस दिलाएं।
बैंक के अधिकारियों से वार्ता कर ब्याज मुक्त कर निस्तारण की तैयारी करें। इस दौरान भाजपा जिला महामंत्री गोपाल बोरा, नंदन खड़ायत, हिमांशु बिष्ट, गंभीर धामी, वरुण अग्रवाल, संतोष अग्रवाल,अजय मौर्य, कश्यप मोटवानी, अजय साहनी, मनोज शाही आदि मौजूद थे।