प्रदेश की गिरती उच्च शिक्षा को संभालने के लिए 500 नये अस्थायी शिक्षक भर्ती होंगे। यह शिक्षक बाद में सीधे स्थायी कर दिए जाएंगे। उच्च शिक्षा मंत्री ने दून विवि में आयोजित छात्रसंघ पदाधिकारी सम्मेलन में बताया कि प्रदेश के कॉलेजों में प्रिंसिपल दस दिन के भीतर ज्वाइनिंग देंगे।
सम्मेलन में बड़ी संख्या में छात्रों ने पहाड़ के कॉलेजों में शिक्षक व प्रिंसिपल न होने का मुद्दा उठाया। छात्रों ने बताया कि कई कॉलेजों में तो केवल एक ही शिक्षक के भरोसे ग्रेजुएशन और पीजी दोनों चल रहे हैं। शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत ने बताया कि प्रिंसिपल के खाली पड़े पदों को भरने के लिए डीपीसी हो चुकी है।
दस दिन के भीतर कॉलेजों में प्रिंसिपल ज्वाइनिंग दे देंगे। साथ ही, शिक्षकों के करीब 750 खाली पदों को भरने के लिए उत्तराखंड लोक सेवा आयोग को अधियाचन भेजा गया है, लेकिन उस पर तेज काम होने की उम्मीदें कम हैं। लिहाजा, शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए उच्च शिक्षा आयोग के गठन पर काम शुरू कर दिया गया है।