आराघर पंचायती मंदिर में जांच के बाद दिखा चोर सीसीटीवी फुटेज में दिखा चोर।
आराघर पंचायती मंदिर में शुक्रवार रात दानपात्र काटकर कैश चोरी कर लिया गया। सीसीटीवी कैमरे में तो चोर की पूरी करतूत कैद हो गई, लेकिन मंदिर परिसर में सो रहे चार कर्मचारियों की इसकी भनक नहीं लग पाई। आरोपी ने चोरी की वारदात करने से पहले भगवान की मूर्तियों के पैर छुए। आरोपी मैजिक वाहन में आया था।
आराघर पुलिस चौकी क्षेत्र के शिव लक्ष्मी नारायण पंचमुखी सिंदूरी हनुमान मंदिर में चोरी की वारदात शुक्रवार देर रात दो और तीन बजे के करीब हुई। मंदिर परिसर के दो हिस्सों में चार कर्मचारी सोए हुए थे। ताला टूटने और दानपात्र काटने की आवाज इन कर्मचारियों के कानों तक नहीं पहुंच गई, मगर तीसरी आंख ने अपनी जिम्मेदारी को पूरी तरह निभाया है।
सीसीटीवी फुटेज में एक युवक सड़क किनारे मैजिक वाहन से उतरते हुए नजर आ रहा है। इधर-उधर देखने के बाद आरोपी ताला तोड़कर मंदिर परिसर में प्रवेश कर गया। दानपात्र काटने से पहले आरोपी ने अपने गुनाह से तौबा किया। भगवान शिव, हनुमान, राधा और कृष्ण आदि भगवान की मूर्ति के पैर छुए। इसके बाद दानपात्र के ऊपरी हिस्से को काटकर कैश अपनी जेबों में भर लिया। जल्दबाजी के कारण 10-10 रुपये और छोटी रकम वहीं पर बिखर गई।
सुबह करीब चार बजे पुजारी विष्णु प्रसाद भट्ट आए तो चोरी का पता लगा। चारों कर्मचारियों को उठाने के साथ पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। पुलिस ने मौके पर आकर सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन किया, जिसमें चोर की करतूत नजर आ रही है। बताया गया है कि जन्माष्टमी के पहले से दानपात्र से कैश नहीं निकाला जा सका है। अनुमान लगाया जा रहा है कि दानपात्र में 40 से 50 हजार रुपये हो सकते हैं। डालनवाला कोतवाल राजीव रौथाण ने बताया कि पुजारी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
आराघर पंचायती मंदिर में हुई चोरी के बाद मौके की जांच करती पुलिस।