उत्तराखंड में शनिवार से शुरू हुए पांच लोकसभा सीटों के चुनाव के लिए छह लोगों ने पर्चा दाखिल किया। राज्य निर्वाचन अधिकारी राधा रतूड़ी ने बताया कि पौड़ी और नैनीताल सीट के लिए दो-दो, देहरादून और अल्मोड़ा से एक-एक नामांकन दाखिल हुए हैं। हरिद्वार से पहले दिन किसी ने भी पर्चा नहीं भरा।
इन्होंने भरा पर्चा
प्रदेश भर में कुल छह उम्मीदवारों में नैनीताल सीट के लिए रुद्रपुर में भाजपा उम्मीदवार भगत सिंह कोश्यारी और बहुजन समाज पार्टी के उम्मीदवार लईक अहमद ने पर्चा दाखिल किया है।
पौड़ी सीट के लिए आम आदमी पार्टी के डॉ. राकेश सिंह के अलावा इंद्रेश मैखुरी सीपीआई-एमएल (एल) ने भी पहले दिन नामांकन कराया है।
अल्मोड़ा सीट के लिए कांग्रेस उम्मीदवार प्रदीप टम्टा की ओर से भी पर्चा दाखिल किया गया है। टिहरी सीट के लिए देहरादून से सतेंद्र शर्मा (नया दौर पार्टी) ने पर्चा भरा है।
निर्वाचन अधिसूचना जारी
लोकसभा क्षेत्रों के रिटर्निंग अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों के लिए लोकसभा सामान्य निर्वाचन की अधिसूचना जारी की। आज से शुरू नामाकंन प्रक्रिया19 अप्रैल तक जारी रहेगी।
नामांकन पत्रों की जांच 21 अप्रैल को की जाएगी तथा नाम वापसी की अंतिम तिथि 23 अप्रैल निर्धारित है। मतदान 7 मई को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक सम्पन्न होगा। मतगणना का कार्य 16 मई (शुक्रवार) को सम्पन्न किया जाएगा।