आरोपी के मुताबिक उसकी प्रेमिका की बड़ी बहन की शादी इसी साल 28 फरवरी हुई थी। बड़ी बहन की शादी से पहले प्रेमिका और उसके परिवार वाले उनकी शादी के लिए राजी थे। कहा जाता रहा कि बड़ी बहन की शादी हो जाने के बाद उसकी शादी करवाई जाएगी। दो जून को वह शादी का प्रस्ताव लेकर पहुंचा, लेकिन प्रेमिका और उसकी भाभी ने इस प्रस्ताव को सिरे से नकार उसे गाली गलौज कर भगा दिया। राजीव चला तो गया लेकिन तब से लगातार उसके दिल में गुबार भरा था। वह अपमान का बदला लेना चाहता था। पहले उसने प्रेमिका को मारने की सोची थी, लेकिन बाद में उसने उसके इकलौते भाई को मारने की ठान ली।
एक साल पहले शुरू हुआ था प्रेम प्रसंग
पुलिस पूछताछ में आरोपी राजीव सैनी ने बताया कि मृतक की बहन से उसकी मुलाकात करीब एक साल पहले 21 मार्च, 2018 को हरिद्वार में हुई थी। दोनों एक ही कंपनी में काम करते थे। राजीव कंपनी में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। धीरे-धीरे दोनों के बीच की दोस्ती प्यार में बदल गई। इसके बाद उन दोनों का एक-दूसरे के घर आना जाना शुरू हुआ। आरोपी के मुताबिक वह जो भी रुपया कमाता उसे प्रेमिका पर खर्च करता था। दोनों कई बार साथ बाहर भी घूमने गए।
घटना से तबाह हो गया करियर
राजीव सैनी ने लक्सर से 12वीं पास करने के बाद जगजीतपुर कनखल से आईटीआई की है। इसके अलावा पॉलिटेक्निक भी किया हुआ है। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसके पिता का देहांत सात वर्ष पूर्व हो चुका है। वर्तमान में परिवार में उसकी माता, बड़ा भाई 26 वर्षीय शशिकांत पीठ बाजार में कपड़े का व्यापारी है। छोटी बहन की शादी हो चुकी है।
हिफाजत को दोस्त से खरीदा था तमंचा
आरोपी सैनी ने 12वीं कक्षा की पढ़ाई के दौरान अपने एक दोस्त से तमंचा खरीदा था। अब उस दोस्त का देहांत हो चुका है। राजीव का कहना है कि उसका घर देहात क्षेत्र में है। वहां अक्सर छोटी-छोटी बातों को लेकर लड़ाई झगड़ा हो जाता है। सुरक्षा की दृष्टि से उसने तमंचा सहित तीन जिंदा कारतूस खरीद लिए थे।