एक चूहे ने लोगों की नाक में दम कर दिया। ऐसा धमाका किया क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। पढ़िए कैसे उड़ाई इस चूहे ने लोगों की नींद..
मोहनपुर बिजली घर में शुक्रवार सुबह पैनल में चूहा घुसने की वजह से धमाके के साथ आग लग गई। पैनल के फुंकने से श्यामपुर फीडर की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। अधिकारियों के मुआयना करने के बाद पांच घंटे बाद 11 बजे आपूर्ति बहाल हो सकी। मोहनपुर बिजली घर पर अत्यधिक लोड है। इसकी वजह से अक्सर लाइन और ट्रांसफार्मर में फाल्ट आ जाता है।
शुक्रवार सुबह छह बजे भी बिजली घर परिसर में एक पैनल में आग लग गई। आग लगने से पैनल फट गया और तेज धमाका हुआ। धमाके की आवाज सुनकर वहां तैनात कर्मचारी ने सूझबूझ से आग तो बुझाई, लेकिन श्यामपुर फीडर की आपूर्ति ठप हो गई।
एसडीओ विनीत गुप्ता और जेई सतपाल तोमर मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिजलीघर का मुआयना कर सुबह 11 बजे श्यामपुर फीडर की आपूर्ति सुचारु कराई। बिजली विभाग के अधिकारियों के मुताबिक पैनल के अंदर चूहा फंसने से धमाका हुआ।