हर बार की तरह इस बार भी अवैध शिकार के लिए शिकारियों ने उच्च हिमालयी क्षेत्र की बुग्यालों में आग लगाना शुरू कर दिया है। छिपलाकेदार की तलहटी में मंगलवार रात से आग लगी हुई है।
वन विभाग के अधिकारियों ने टीम को मौके पर भेजने की बात कही है, हालांकि यह इलाका इतनी दूर है कि वनकर्मियों को पहुंचने में दो दिन का समय लग जाएगा।
उच्च हिमालयी क्षेत्रों में अब हिमपात का समय आ रहा है। ऐसे में इन इलाकों में रहने वाले वन्यजीव निचली घाटियों की ओर उतरने लगते हैं। शिकारी इसी मौके की तलाश में रहते हैं।
वह उन स्थानों पर आग लगाते हैं, जहां से जानवरों के नीचे उतरने का रास्ता होता है। आग और धुएं से घबराहट में जानवर भटक जाते हैं और शिकारी उनको अपना निशाना बना लेते हैं।