देहरादून में इंडियन मिलेट्री एकेडमी (आईएमए) के समीप दुकानों में आग लग गई। आग से करीब एक लाख से अधिक के नुकसान बताया जा रहा है। फायर ब्रिगेड ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इससे कुछ देर के लिए चकराता रोड पर जाम भी लगा।
आईएमए के समीप पंडित देवी दयाल की जूते-चप्पल की तीन दुकानें हैं। शनिवार देर शाम दुकान में शार्ट सर्किट से आग लग गई। तत्काल आईएमए की गाड़ी आग बुझाने के लिए वहां पहुंची।
सूचना पर पुलिस और दमकल विभाग की तीन गाड़ियां भी मौके पर पहुंची। आग दुकानों से सटे मकानों में भी फैलनी शुरू हुई।
पुलिस ने इन मकानों में रहने वाले लोगों को वहां से बाहर निकाला। पुलिस और दमकल विभाग ने किसी तरह आग पर काबू पाया। सैन्य एरिया होने की वजह से आग लगने की घटना को गंभीरता से लिया जा रहा है।
आग बुझाने के दौरान चकराता रोड पर लगे जाम को खोलने में भी पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। विधायक हरबंस कपूर ने भी मौके पर पहुंचकर दुकानदार को ढांढस बंधाया।
उधर, आर्यनगर स्थित मदन सिंह की झोपड़ी में भी शनिवार को आग लग गई। पड़ोसियों और दमकल विभाग की मदद से आग पर काबू पाया गया।