उत्तराखंड के कोटद्वार में बस स्टेशन पर मंगलवार देर रात बाजार पुलिस चौकी के सामने एक पटाखे की दुकान में आग लग गई। आग की चपेट में आने से मौके पर खड़ी एक कार, बाइक और स्कूटर समेत आसपास की कई ठेलियां और फड़ जलकर खाक हो गए।
अग्निकांड से शहरभर में हड़कंप मच गया। समय पर सूचना के बावजूद फायर ब्रिगेड के देर से पहुंचने पर लोग भड़क गए। गुस्साई भीड़ ने फायर ब्रिगेड के ड्राइवर को पीट डाला तथा वाहन में तोड़फोड़ की। करीब पौन घंटे तक बाजार में हंगामा होता रहा, लेकिन चौकी से कोई पुलिसकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा।
सूचना मिलने पर कोतवाल और सीओ मौके पर पहुंचे। गुस्साए लोगों ने उन्हें भी खूब खरी-खोटी सुनाई।
मंगलवार आधी रात को बस स्टेशन स्थित बाजार पुलिस चौकी के सामने सड़क पर कई पटाखे की दुकानें खुली हुई थीं। करीब 11.45 बजे नशे में धुत कुछ युवक वहां आए और कार के बोनट पर पटाखे जलाने लगे। यह क्रम काफी देर तक चलता रहा। इसी दौरान पटाखे की चिंगारी पेट्रोल पंप के पास लगी एक पटाखे की दुकान तक जा पहुंची। चिंगारी के गिरते ही वहां रखे पटाखों ने आग पकड़ ली और पूरी दुकान फुंक गई। पास ही खड़ी कार, स्कूटर और बाइक भी आग की चपेट में आकर फुंक गए।