ट्रेनिंग में नहीं पहुंचना पड़ा भारी
- फोटो : DEMO PIC
प्रशिक्षण से अनुपस्थित रहने पर टिहरी जिले में 52 मतदान कर्मियों के खिलाफ लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम धारा 134 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। 15 गैरहाजिर कर्मियों को नोटिस जारी कर 24 घंटे के अंदर जवाब दाखिल करने के निर्देश दिए गए हैं। तीसरे दिन 778 कर्मियों ने प्रशिक्षण में हिस्सा लिया।
नगरपालिका सभागार में आयोजित मतदान कर्मियों के तीसरे दिन के प्रशिक्षण में सीडीओ एवं निर्वाचन के नोडल अधिकारी आशीष भटगांई ने बताया कि चुनाव में शामिल अधिकारी-कर्मचारी आयोग के अधीन प्रतिनियुक्ति पर हैं। उन्होंने प्रशिक्षण में कर्मियों की अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश दिए।
नोडल अधिकारी ने बताया कि पीठासीन अधिकारी की डायरी महत्वपूर्ण होती हैं, जिसमें मतदान के दौरान हर घंटे की घटना और जानकारी का उल्लेख किया जाता है।
17 जनवरी से शुरू हुए प्रशिक्षण में पहले और दूसरे दिन अनुपस्थित रहे 52 मतदान कर्मियों की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर प्रभारी मतदान कार्मिक भरत चंद भट्ट की ओर से बृहस्पतिवार देर शाम प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। साथ ही बृहस्पतिवार को गैरहाजिर रहे 15 कर्मियों को नोटिस जारी कर 24 घंटे में जवाब दाखिल करने को कहा गया है।