अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की विभिन्न विकास योजनाओं के साथ ही शिक्षा, पर्यटन, शहरी व ग्रामीण निकायों व कुंभ मेला-2027 से संबंधित विकास योजनाओं के लिए वित्तीय मंजूरी दी।
कालाढूंगी में कोटाबाग के पतलिया स्थित गुरूणी नाले पर पुल निर्माण के लिए 9.43 करोड़ व विकासखंड रामगढ़ में मोहन बाजार मुक्तेश्वर में कार पार्किंग के निर्माण कार्य के लिए पहली किश्त में 3.95 करोड़ की स्वीकृति दी गई। छठवें राज्य वित्त आयोग के तहत शहरी स्थानीय निकायों को वित्तीय वर्ष 2026-27 की प्रथम त्रैमासिक किश्त (अप्रैल से जून) के लिए 328.27 करोड़ व तीन गैर निर्वाचित निकायों को प्रथम छमाही किश्त (अप्रैल से सितंबर) के लिए तीन करोड़ की स्वीकृति दी। त्रिस्तरीय पंचायतीराज संस्थाओं को 82.20 करोड़, क्षेत्र पंचायतों को 75.46 करोड़ व ग्राम पंचायतों को 194.61 करोड़ रुपये की मंजूरी दी।
प्रारंभिक शिक्षा के तहत अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों के कार्मिकों के वेतन भुगतान के लिए 80 करोड़ व माध्यमिक शिक्षा के लिए 300 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के लिए स्थायी प्रकृति के तीन महत्वपूर्ण कार्यों, हरिद्वार में शंकराचार्य चौक, देवपुरा चौक, चंद्राचार्य चौक व आर्यनगर चौक के आंतरिक मार्गों व रियर से गुगाल मंदिर की ओर मार्ग के नवीनीकरण कार्य के लिए 6.44 करोड़, रानीपुर मोड़, शंकर आश्रम, शिव मूर्ति चौक और झंडा चौक का जंक्शन सुधार एवं सौंदर्यीकरण के लिए 6.83 करोड़, कुंभ मेला-2027 के तहत व्यापक रखरखाव के साथ डीजल संचालित सेल्फ प्रोपेल्ड वैक्यूम आधारित ईवी रोड स्वीपिंग मशीनों की आपूर्ति और कमीशनिंग के लिए 5.95 करोड़ रुपये जारी करने की अनुमति दी।