भिलंगना ब्लॉक के सीमांत गांव गेंवाली में आकाशीय बिजली ने भारी तबाही मचा दी। तेज बारिश और गर्जना के बीच गिरी आसमानी बिजली की चपेट में आने से 50 से अधिक भेड़-बकरियां मर गई। जबकि कई अन्य पशु अब भी लापता बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार शाम करीब 5 बजे गांव के ऊपरी क्षेत्र में पशु चर रहे थे, तभी अचानक मौसम खराब हो गया और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली की चपेट में आने से बड़ी संख्या में भेड़-बकरियां मौके पर ही मर गईं। पशुपालकों को इस घटना से भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार कई पशु जंगल और पहाड़ी क्षेत्रों की ओर भाग गए, जिनकी तलाश जारी है।
इस हादसे में दो महिलाएं भी झुलस गईं। घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलेश्वर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर श्रीनगर रेफर किया गया। घायलों में एक 7 माह की गर्भवती महिला भी शामिल है। राहत की बात यह रही कि दोनों महिलाओं की स्थिति अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
ये भी पढे़ं...Dehradun: पयर्टकों के लिए खुला टाइगर फाॅल, हादसे के लिए काैन जिम्मेदार, बीते साल पेड़ गिरने से गई थी दो जान
घनसाली की एसडीएम मंजू राजपूत ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया। राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेज दिया गया है, जो पशुहानि और अन्य नुकसान का स्थलीय निरीक्षण कर रही है। प्रशासन द्वारा प्रभावित परिवारों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की बात कही गई है।