सिगरेट को लेकर दो लोगों में मारपीट हो गई। ढाबा स्वामी की ओर से इस बारे में तहरीर दी गई है। जिसके बाद दो लोगों को हिरासत में लिया गया है।
घटनाक्रम के अनुसार सोमवार रात करीब साढ़े नौ बजे कुछ लोग कांगड़ी गांव के पास स्थित राणा रेस्टोरेंट में बैठ कर खाना खा रहे थे। उनमें से एक ने पास में ही स्थित माही रेस्टोरेंट के कर्मचारी से सिगरेट मंगाई।
कर्मचारी जब सिगरेट लेकर आया तो वह तेल में भीगी हुई थी। इस पर एक युवक ने सिगरेट को तोड़ दिया और दूसरी सिगरेट लाने के लिए कहा गया, लेकिन माही रेस्तरां के कर्मचारी ने दूसरी सिगरेट देने से मना कर दिया। इस पर युवक रेस्तरां पर आ गए तथा दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी।
बीच-बचाव करने के लिए राणा रेस्टोरेंट का संचालक भगत सिंह राणा आया तो माही रेस्तरां के कर्मचारियों ने उसे भी पीट दिया। काफी देर तक चली मारपीट में हमलावरों ने तोड़फोड़ भी की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो दोनों युवक वहां से फरार हो गए।
थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह तोमर और चंडीघाट चौकी इंचार्ज गंभीर सिंह तोमर ने माही रेस्टोरेंट के कर्मचारी संजय तथा गौरव त्यागी को हिरासत में ले लिया। थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह तोमर ने बताया कि भगत सिंह राणा की ओर से दोनों लोगों के खिलाफ मारपीट करने की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है।