भारतीय रिजर्व बैंक की ओर से हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज कराने के बावजूद जिला पुलिस जाली नोटों के सौदागरों को पकड़ नहीं सकी। पता चला है कि सरहद पार का गिरोह जाली नोटों को उत्तराखंड के बाजारों में सप्लाई कर रहा है।
ग्रेटर नोएडा में जाली नोटों के साथ एक व्यक्ति की गिरफ्तारी के बाद केंद्रीय खुफिया एजेंसियां डीआरआई (डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस) के साथ गिरोह के अन्य सदस्यों को पकड़ने में जुट गई है।
18 सितंबर को ग्रेटर नोएडा में जान मोहम्मद के पास से 12 हजार रुपए जाली नोट बरामद होने पर केंद्रीय खुफिया एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं। खुफिया एजेंसियों के अनुसार नेपाल और बांग्लादेश की सीमा से पाक खुफिया एजेंसी आईएसआई जाली करेंसी को देश में सप्लाई कर रही हैं।
चार सालों के दौरान देश में 2500 करोड़ रुपए भेजे गए हैं, इनमें देश-विदेश से 450 करोड़ रुपए ही जब्त किए गए हैं। काफी अर्से से नेपाल में दाऊद गिरोह के सदस्य विभिन्न कैरियर के माध्यम से अलग-अलग राज्यों में जाली करेंसी सप्लाई करते हैं। नेपाल में माजिद मनिहाल, परवेज टांडा समेत कई लोगों की हत्या के बावजूद यह काला धंधा थमा नहीं है।