माध्यमिक शिक्षा निदेशक ने इस संबंध में जारी किया निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। डू-डायस पोर्टल पर छात्रों की डाटा एंट्री का काम 13 दिसंबर तक पूरा न किया तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों का वेतन रुकेगा। माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ मुकुल कुमार सती ने इस संंबंध में सभी सीईओ को निर्देश जारी किया है।
शिक्षा निदेशक ने जारी निर्देश में कहा, केंद्र सरकार ने विभिन्न समीक्षा बैठकों में डाटा एंट्री की न्यून प्रगति पर चिंता जताई है। राज्य स्तर से छात्र प्रोफाइल के तहत डाटा एंट्री की जिलेवार समीक्षा में खराब स्थिति सामने आई है। 129 स्कूलों ने छात्र प्रोफाइल के तहत डाटा एंट्री का काम शुरु नहीं किया। इसके अलावा 51 स्कूल ऐसे हैं, जिनमें डाटा एंट्री की प्रगति 50 प्रतिशत से कम है। राज्य के 1967 स्कूलों ने 21383 छात्रों के प्रोफाइल में लिखा है काम शुरु नहीं हुआ। जबकि 3652 छात्रों की डाटा एंट्री का काम प्रगति पर है। जिससे स्पष्ट है कि डाटा एंट्री की प्रगति की नियमित समीक्षा नहीं हो रही है। 13 दिसंबर तक डाटा एंट्री का काम पूरा न किया तो संबंधित अधिकारी, कर्मचारी का वेतन रोका जाए।