सिजला खड्ड-छटऊ-पुरोड़ी तोक समूह पेयजल योजना के जल संग्रहण टैंक से पहले सीधा मुख्य लाइन से सेना और विभागों को पेयजल कनेक्शन दे दिए गए। टैंक में पर्याप्त पानी न पहुंचने से स्थानीय ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। सोमवार को ग्रामीणों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंप सेना और विभागों के कनेक्शन को अवैध बताकर बंद करने की मांग की। ऐसा न होने पर धरना-प्रदर्शन और न्यायालय की शरण में जाने की चेतावनी दी है।
ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि ठाना, टुंगरा, रिखाड़, बिरमोऊ, छटऊ, नवीन चकराता, रामताल गार्डन, माक्टी पोखरी, लांघा पोखरी सहित करीब एक दर्जन गांव कस्बों की आबादी करीब पांच हजार है। वर्ष 2011-12 में कस्बों में पेयजल आपूर्ति के लिए करीब तीन करोड़ की लागत से 37 किलोमीटर लंबी पाइप लाइन बिछाई गई थी। लेकिन, विभागीय मिलीभगत से जल संग्रहण टैंक से पहले सेना और विभाग को अवैध रूप से कनेक्शन दे दिए गए। इसके चलते नवीन चकराता में बने संग्रहण टैंक में पानी नहीं पहुंच पा रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि अवैध कनेक्शन को यदि एक सप्ताह के भीतर नहीं हटाया गया तो ग्रामीण धरना-प्रदर्शन और न्यायालय की शरण में जाने के लिए मजबूर होंगे।
इस मौके पर राजेंद्र जोशी, सालक राम जोशी, अर्जुन दत्त जोशी, राजेंद्र चौहान, युवराज तोमर, बलवीर सिंह, धन्नी दास आदि मौजूद रहे।