बदहाल पड़ा है बिजऊ-कुईथा-जोशीगांव संपर्क मार्ग।
- फोटो : VIKAS NAGAR
लोनिवि की हीलाहवाली के कारण 19 साल बाद भी बिजऊ-कुईथा-जोशीगांव संपर्क मार्ग बदहाली के आंसू बहा रहा है। वर्ष 2000 में निर्माण के बाद से अब तक सड़क का डामरीकरण नहीं हो सका है। सड़क पर जगह-जगह बिखरी पड़ी रोड़ी-पत्थर लोगों को कमर दर्द दे रहे हैं।
वाहनों के गुजरने पर सड़क से धूल का गुब्बार उठने लगता है। इस कारण लोगों को मुंह पर कपड़ा बांधकर गुजरना पड़ता है। लोगों का आरोप है कि वर्ष 2000 में लोनिवि ने उक्त सड़क का निर्माण कराया था। इसके बाद विभाग ने सड़क की कोई सुध नहीं ली। बीते 19 साल से सड़क डामरीकरण की राह ताक रही है। बरसात में आया मलबा भी अब तक सड़क से नहीं हटाया जा सका है। इससे कई जगहों पर सड़क बेहद संकरी हो गई है। पूर्व प्रधान भोपाल सिंह तोमर, गजेंद्र तोमर, अमर सिंह रावत, सुरेश रावत, संजय भंडारी, महेंद्र सिंह, चंद्र सिंह रावत का कहना है कि पूर्व में विभाग ने सड़क की ठीक से कटाई भी नहीं की।
कई जगहों पर सड़क बेहद संकरी बनी हुई है। सड़क पर बने गड्ढों के कारण लोगों को जान जोखिम में डाल सफर करना पड़ता है। शिकायत के बाद भी विभाग सड़क की कोई सुध नहीं ले रहा है। वहीं, लोनिवि साहिया के अधिशासी अभियंता डीपी सिंह का कहना है कि मार्ग का स्टीमेट बनाकर शासन को भेज दिया गया है। स्वीकृत होते ही दोबारा कटिंग और डामरीकरण का कार्य किया जाएगा।