- ग्रामोत्थान परियोजना की समीक्षा में पशुपालकों को मोबाइल फोन वितरण करने को कहा
अमर उजाला ब्यूरो
देहरादून। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि विभाग अपने बजट का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित करें। उन्होंने बृहस्पतिवार को अपने कैंप कार्यालय में रूरल एंटरप्राइज एक्सेलेरेशन प्रोजेक्ट (रीप)-ग्रामोत्थान की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परियोजना के लिए आवंटित बजट का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित किया जाए और सभी विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। ग्रामीण महिलाओं की आजीविका सुधारने पर विशेष बल दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि अधिक से अधिक महिलाओं को क्लस्टर लेवल फेडरेशन, किसान उत्पादक संगठन और स्वयं सहायता समूहों से जोड़ा जाए। महिलाओं के स्वरोजगार के लिए ठोस और परिणामोन्मुखी प्रयास किए जाएं। स्थानीय उत्पादों के विपणन के लिए वे-साइट एमिनिटी निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा हों। ग्रामीण उद्यमों को मजबूती देने के लिए मंत्री ने कृषि और गैर-कृषि आधारित समूहों के विकास पर जोर दिया। उन्होंने पशु सखी जैसी पहलों के माध्यम से डिजिटल सशक्तिकरण को गति देने के निर्देश दिए। साथ ही, पशुपालकों की आय बढ़ाने के लिए उन्हें मोबाइल फोन वितरण और तकनीकी प्रशिक्षण कार्यक्रम समय पर आयोजित करने को कहा। बैठक में परियोजना निदेशक झरना कमठान सहित विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।