नियमितीकरण की मांग को लेकर सचिवालय कूच करने पहुंचे उत्तराखंड लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंत
- फोटो : DEHRADUN
नियमितीकरण की मांग को लेकर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) विभाग में संविदा पर तैनात कनिष्ठ अभियंताओं ने आक्रोश रैली निकाल सचिवालय कूच किया। सचिवालय कूच से पहले आंदोलन कर्मचारियों ने परेड ग्राउंड में एकत्रित होकर एक सभा का आयोजन कर आंदोलन की रणनीति बनाई।
बीते 15 दिनों से आंदोलनरत अभियंता मंगलवार को परेड ग्राउंड में एकत्र हुए और ढोल दमाऊ की धुन पर जुलूस निकाल सचिवालय कूच की ओर बढ़े।वहीं, पहले से मौजूद पुलिस बल ने प्रदर्शनकारियों को सुभाष रोड के पास बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। इससे नाराज प्रदर्शनकारी सड़क पर ही धरने पर बैठ गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नियमित किए जाने की मांग करने लगे। प्रदर्शन में शामिल कनिष्ठ अभियंता संदीप तिवारी का कहना है कि सरकार की उदासीनता से अभियंताओं में भारी आक्रोश है। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग सरकार के विकास की योजनाओं को धरातल पर लाने वाली गाड़ी है, जबकि कनिष्ठ अभियंता उनके पहिए हैं। लेकिन सरकार उनकी मांगों को लगातार अनदेखा करने का काम कर रही है। उन्होंने सरकार से जल्द लोक निर्माण विभाग में विभागीय संविदा पर वर्षों से तैनात कनिष्ठ अभियंताओं के नियमितीकरण किए जाने की मांग उठाई है। प्रदर्शनकारी अभियंताओं ने बताया कि पीडब्ल्यूडी विभाग में विभागीय संविदा में 304 कनिष्ठ अभियंता कार्यरत हैं, जिनको अपनी सेवाएं देते हुए सात से 13 साल हो चुके हैं। लेकिन सरकार और विभाग उनकी कोई सुध नहीं ले रहा है। ऐसे में उन्हें नियमितीकरण और भविष्य की चिंता सताने लगी है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि जल्द उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया तो वह उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।