हाथियों ने कोटा मुरादनगर गांव के खेतों मे घुस कर गन्ने की फसल को तहस नहस कर दिया। शौच के लिए जा रहा एक युवक हाथी की चपेट मे आने से बाल- बाल बच गया।
शनिवार सुबह हाथियों ने कोटा मुरादनगर गांव के समीप खेतों में जमकर कहर बरपाया। हाथियों ने किसानों की कई बीघा फसल तहस नहस कर दी। सुबह जंगल की तरफ जा रहे एक ग्रामीण समेश पुत्र रामकला को भी हाथी ने दौड़ा दिया। उसने एक ट्यूबवेल के पीछे छिपकर जान बचाई और मौका देखकर भाग खड़ा हुआ।
उसने ग्रामीणों को हाथियों के आने की सूचना दी। सूचना पाकर ग्रामीण खेतों की और दौड़ पड़े और ढोल- कनस्तर बजाकर हाथियों को खदेड़ा। हाथियों ने सोनू पुत्र रामपाल की दो बीघा, लोकेश पुत्र देवराज की एक बीघा , पवन पुत्र रघुवीर की पांच बीघा गन्ने की फसल बरबाद कर दी।
ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की खानपुर रेंज से डिप्टी रेंजर दिनेश कुकरेती अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के साथ मिलकर कांबिंग की। ग्रामीणों ने हाथियों द्वारा फसल नुकसान को लेकर मुआवजे देने की मांग वन विभाग से की।
डिप्टी रेंजर दिनेश कुकरेती ने बताया कि हाथियों के मूवमेंट पर नजर रखी जा रही है। गश्त के लिए दो फारेस्ट गार्ड भी तैनात कर दिए गए हैं। हाथियों द्वारा किए गए फसल के नुकसान को लेकर ग्रामीण वन विभाग कार्यालय में पत्र जमा कर सकते हैं।