कॉर्बेट टाइगर रिजर्व (सीटीआर) की कालागढ़ रेंज के धारा ब्लॉक में हाथी का शव मिला। सीटीआर के उपनिदेशक सहित कई वनाधिकारी मौके पर पहुंचे और आपसी संघर्ष में हाथी की मौत होने का दावा किया। पशु चिकित्सक ने मौके पर शव का पोस्टमार्टम किया। इसके बाद शव को दफना दिया गया।
विभागीय गश्ती दल ने शुक्रवार को सीटीआर की कालागढ़ रेंज के धारा ब्लॉक के कक्ष संख्या 16 में हाथी का शव देखा। सूचना पर सीटीआर के उपनिदेशक चंद्रशेखर जोशी, एसडीओ आरके तिवारी, रेंजर आरके भट्ट मौके पर पहुंचे। इन वनाधिकारियों की मौजूदगी में हल्द्वानी के पशु चिकित्सक डॉ. विमल कुमार ने शव का पोस्टमार्टम किया।
सीटीआर के निदेशक राहुल ने हाथी की उम्र करीब 58 वर्ष आंकी। बताया कि इसके दांत सुरक्षित हैं। उसके शरीर पर दूसरे हाथी के वार के निशान मिला। इसलिए अत्यधिक रक्तस्राव और अधिक आयु होने के कारण वह जवान हाथी का सामना नहीं कर सका। इस हमले में दूसरे हाथी के भी घायल होने की आशंका है। उसकी तलाश और निगरानी के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है।