हरिद्वार-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग-72 पर फोर लेन चौड़ीकरण कार्य में अवरोध बने विद्युत टावरों और लाइनों को हटाने के लिए पिटकुल ने 220 केवी की झाझरा-ऋषिकेश विद्युत लाइन पर बृहस्पतिवार से शटडाउन लेना शुरू कर दिया है। शटडाउन 25 नवंबर तक लिया जाएगा। इससे लगभग 15 दिन तक शहर के विभिन्न हिस्सों में बिजली आपूर्ति कुछ समय के लिए प्रभावित रह सकती है।
पिटकुल के अधीक्षण अभियंता एवं मीडिया प्रभारी नीरज पाठक ने बताया कि राजाजी नेशनल पार्क के निदेशक के स्तर से कई समय से लंबित तीन पानी स्थान पर लाइन के टावर की ऊंचाई बढ़ाने की अनुमति मिलने पर ही शटडाउन का निर्णय लिया गया है।
राजमार्ग-72 के तीन स्थानों डोईवाला, लालतप्पड़ और तीनपानी कॉरीडोर में झाझरा-ऋषिकेश लाइन के ट्रांसमिशन लाइनों की शिफ्टिंग और टावर की ऊंचाई बढ़ाने के कार्य किए जाएंगे। 10 से 15 नवंबर तक सुबह दस से शाम पांच बजे और 16 से 25 नवंबर तक यह लाइन 24 घंटे बंद रहेगी।
इस दौरान देहरादून शहर में माजरा, बिंदाल, झाझरा और पुरकुल सब स्टेशन से बिजली आपूर्ति की जाएगी। फिर भी पीक ऑवर में लोड बढ़ने पर शहर के विभिन्न हिस्सों में कुछ समय के लिए दिक्कत आ सकती है।