ऊर्जा निगम के कारनामे भी अजीबो गरीब हैं। बिजली चोरी करने वालों से पिंड छुड़ाने के लिए विभाग ने एक नया तरीका इजाद किया है। विभाग ने बिजली चोरों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाए पूरे गांव की ही बिजली काट दी। अब इसका खामियाजा उन उपभोक्ताओं को उठाना पड़ रहा है जो नियमित रूप से बिलों का भुगतान कर रहे हैं।
विभाग के इस कारनामे से डोरा, पुड़िया और शेरा गांव में 15 दिन से अंधेरा पसरा हुआ है। पुड़िया में जहां 11 कनेक्शन हैं वहीं शेरा और डोरा गांव में लोगों ने पांच-पांच कनेक्शन ले रखे हैं। इन इलाकों में अन्य लोग चोरी से बिजली का इस्तेमाल कर रहे हैं।
तीन गांवों की बिजली काटी
विभाग ने ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई के बजाय तीनों गांव की बिजली काट दी। ग्रामीण सरदार सिंह, बाबूराम, जगदीश आदि का कहना है कि विभागीय अधिकारियों से शिकायत के बाद भी ऊर्जा निगम लाइन नहीं जोड़ रहा है। अवर अभियंता कालूराम का कहना है कि गांव में लोगों द्वारा बिजली चोरी की जाती है और इसी वजह से कनेक्शन काटा गया है।
सहायक अभियंता फरमान अली जैदी ने फिलहाल मामले की जानकारी से इनकार किया है। यदि ऐसा किया गया है तो गलत है। जेई को शीघ्र कनेक्शन जोड़ने के लिए कहा जाएगा। इस दौरान बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पुरोड़ी में एक हफ्ते से छाया अंधेरा
ट्रांसफार्मर फुंकने से पुरोड़ी गांव में पिछले एक सप्ताह से अंधेरा पसरा हुआ है। ग्रामीणों को लालटेन और जोक्टी के सहारे रात काटनी पड़ रही है। इस दौरान उन्हें रोजमर्रा के काम निपटाने में दिक्कतें आ रही हैं। एक सप्ताह पूर्व ट्रांसफार्मर में फाल्ट आ गया जिससे चालीस परिवारों को अंधेरे में रात काटनी पड़ रही है।
विभाग कर रहा खानापूर्ति
ग्रामीण युद्धवीर, टीकम, खजान, शूरवीर, खुशीराम, शमशेर आदि का कहना है कि विभाग यहां दो ट्रांसफार्मर लगा चुका है लेकिन दोनों ही फुंक गए। हर बार विभाग खराबी को दूर करने में महज खानापूर्ति करता है। बिजली न होने से लोगों को मोबाइल चार्ज करने के लिए भी चकराता जाना पड़ रहा है।
छात्रों की पढ़ाई पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। अवर अभियंता रमन कुमार ने कहा कि देहरादून से नया ट्रांसफार्मर मंगवाया गया है। पहले के ट्रांसफार्मर लोड नहीं उठा पाए इसलिए फुंक गए।