राज्यपाल को समस्याओं से अवगत कराते मसूरी विधायक गणेश जोशी।
- फोटो : AmarUjala
गर्मी शुरू होने के साथ ही राज्य के विभिन्न इलाकों में बिजली, पानी का संकट का गहराता जा रहा है। संबंधित विभागों के अधिकारियों के बाद अब यह मामला राज्यपाल तक पहुंच गया है। सोमवार को सचिवालय में राज्यपाल डॉ. कृष्णकांत पाल से मुलाकात करने पहुंचे विधायकों, और तमाम सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने महामहिम को प्रदेश में बिजली और पानी के संकट से अवगत कराया।
विधायक गणेश जोशी और विधायक राजेश शुक्ला ने राज्यपाल को बताया कि इलाके में बिजली, पानी का गंभीर संकट है और संबंधित विभाग समस्याओं के निराकरण में नाकाम साबित हो रहे हैं। पानी की किल्लत से मुसीबत पहले से ही थी और रही सही कसर बिजली कटौती ने पूरी कर दी है।
राज्यपाल ने दिए समस्याओं के निस्तारण के निर्देश
किच्छा विधायक राजेश शुक्ला ने कांग्रेस सरकार द्वारा उनके विधानसभा क्षेत्र के लिए घोषित विभिन्न विकास योजनाओं के लिए बजट नहीं मुहैया कराए जाने का मुद्दा उठाया। विधायक शुक्ला ने विकास कार्यों को कार्य पूरा करने को बजट उपलब्ध कराने के साथ ही रुद्रपुर में निर्माणाधीन पंडित राम सुमेर शुक्ल स्मृति राजकीय मेडिकल कॉलेज को पूरा कराने के लिए अपेक्षित धनराशि उपलब्ध कराए जाने की मांग की।
मसूरी विधायक गणेश जोशी ने मसूरी और सहस्त्रधारा में पार्किंग प्लेस के निर्माण, 2011 से स्वीकृत मसूरी सिविल हास्पिटल के अधूरे कार्य को पूरा करने, मसूरी रोपवे पर कार्य शुरू कराने, क्यारा-धनोल्टी मोटर मार्ग की वित्तीय स्वीकृति जारी करने सहित अपने क्षेत्र के कई मामले राज्यपाल के समक्ष रखे जो शासन स्तर पर लंबित हैं।
राज्यपाल डॉ. पाल ने विधायकों और आमजन की शिकायतों को सुनने के बाद उनके त्वरित निस्तारण के आदेश अधिकारियों को दिए। राज्यपाल ने निर्देशित किया कि समस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए। कई अन्य संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी क्षेत्र की समस्याओं से राज्यपाल को अवगत कराया।