प्रेमनगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक बुजुर्ग की पार्क में जली हुई लाश मिली। पुलिस का कहना है कि वह मानसिक रूप से अस्वस्थ चल रहे थे। मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि जला हुआ शव विंग नंबर 6 निकट हवा महल स्थित पार्क में मिला। कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिलने पर प्रेमनगर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। वहां देखा कि एक व्यक्ति का शव जली हुई अवस्था में पार्क में है। शिनाख्त मनोहर गुलाटी (65) निवासी विंग नंबर 06, बैरिक नंबर 4/34 प्रेमनगर के रूप में हुई। आवश्यक कार्रवाई के लिए तत्काल फील्ड यूनिट को मौके पर बुलाया। घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई गई। मौके से कोई भी सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ।
प्रारंभिक जांच और आस-पास के लोगों से पूछताछ में पता चला कि मनोहर मानसिक रूप से अस्वस्थ चल रहे थे और अक्सर अपने आप को कुछ कर लेने की बात करते रहते थे। वर्तमान में कोई काम नहीं करते थे। परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं। शव का पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।