रोशनाबाद में बाल सुधार गृह से रविवार देर रात दीवार में सेंध लगाकर आठ किशोर फरार हो गए। सिडकुल पुलिस की सक्रियता से सात किशोर हत्थे पकड़े गए, जबकि एक का पता नहीं चल सका। बच्चों ने बाल सुधार गृह प्रबंधन पर गंभीर आरोप जड़े हैं।
देर रात सिडकुल पुलिस चेकिंग में जुटी थी। किरबी कंपनी के पास सड़क किनारे कुछ बच्चों को देखकर पुलिस को संदेह हुआ। पुलिस ने जब बच्चों को आवाज लगाई, तब वे भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर सात किशोर पकड़ लिए, जबकि एक हाथ नहीं आ सका।
थाने लाकर की गई पूछताछ में बच्चों ने बताया कि वे सभी बाल सुधार गृह में रहते हैं और रात करीब ग्यारह बजे दीवार में सेंघ लगाकर फरार हुए थे। पूछने पर बच्चों ने आरोप लगाया कि बाल सुधार गृह में बेहद ही बुरा बर्ताव उनके साथ किया जाता है।
मारपीट करने के साथ ही अच्छा खाना भी नहीं दिया जाता है। थानाध्यक्ष कमल मोहन भंडारी ने बताया कि किशोरों के नाम धीरज जोशी पुत्र नवीन चंद्र जोशी निवासी लालकुंआ नैनीताल, मनोज पंडित पुत्र कृपाल पंडित निवासी गांव मटलटव लोहाघाट चंपावत, पंकज बेलवाल पुत्र त्रिलोचन बेलवाल निवासी लक्ष्मपुर चौराहा थाना चोर गलिया उधमसिंह नगर हैं।