इस साल सांसद बलूनी ने मुंबई, बंगलूरू, इंदौर, लखनऊ, दिल्ली, फरीदाबाद, गाजियाबाद, चंडीगढ़, मेरठ, बरेली, जयपुर, अहमदाबाद में उत्तराखंड के लोगों की सामाजिक व सांस्कृतिक संगठनों से संपर्क किया। उन्होंने संस्थाओं से अनुरोध किया कि कोरोना वायरस के कारण सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखते हुए ईगास मनाई जाए।
शाम को अपने घरों में दीये जलाएं। साथ ही कनाडा, अमेरिका व दुबई में रह रहे प्रवासियों व संस्थाओं से भी संपर्क किया। कनाडा में उत्तराखंड कल्चरल सोसायटी से जुड़े मुरारीलाल थपलियाल ने कहा कि कनाडा के सभी शहरों में प्रवासी बंधुओं से अनुरोध किया गया है कि वे अपने घरों में प्रकाश करके ईगास मनाने के चित्र सोशल मीडिया पर पोस्ट करें।
अगले साल अनूठे ढंग से मनेगी ईगास : बलूनी
राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि अगले साल तक देश और प्रदेश के लोग कोविड-19 महामारी से मुक्त हो जाएंगे। इसके साथ ईगास को अनूठे अंदाज में मनाया जाएगा। इसे छठ और गरबा सरीखे लोकप्रिय त्योहारों की तरह अनूठा बनाने का प्रयास किया जाएगा।
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने प्रदेशवासियों को इगास पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से कोरोना वायरस संक्रमण को देखते हुए इस अवसर पर सामाजिक दूरी, मास्क पहनने के साथ ही अन्य सावधानियों का अनुपालन करने की भी अपील की।