हवाला लेनदेन की हो रही है पुष्टि
ईडी अधिकारियों के अनुसार जब्त दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच कर कथित उल्लंघनों की पूरी सीमा का पता लगाया जा रहा है। तलाशी के दौरान मिले साक्ष्यों से यह संकेत मिला है कि देश के भीतर सहयोगियों और विदेशों में संपर्कों के नेटवर्क के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय हवाला लेनदेन संचालित किए जा रहे थे। फ्रेंचाइजी के व्यावसायिक परिसरों पर तलाशी के दौरान विदेशी मुद्रा खरीद से संबंधित क्रय रजिस्टर, ग्राहकवार रिकॉर्ड, केवाईसी दस्तावेज, एनकैशमेंट प्रमाणपत्र यात अन्य जरूरी रिकॉर्ड नहीं मिले हैं। आरबीआई के मनी चेंजिंग गतिविधियों संबंधी मास्टर दिशा निर्देश के अनुसार फ्रेंचाइजी केवल अपने फ्रेंचाइजर की ओर से विदेशी मुद्रा खरीद सकती है और ऐसे सभी लेनदेन का रिकॉर्ड रखना अनिवार्य है।
रिकॉर्ड में भी हेराफेरी
ईडी को कई कार्यालयों में रिकॉर्ड में हेराफेरी की शिकायत भी मिली है। ईडी के अनुसार कार्यालयों में उपलब्ध विदेशी मुद्रा और रिकॉर्ड में दर्ज शेष राशि के बीच कमी और अधिकता पाई गई है। प्रथम दृष्टया इससे यह भी लग रहा है कि खातों की पुस्तिकाएं और स्टॉक रजिस्टर वास्तविक विदेशी मुद्रा लेनदेन के अनुरूप नहीं रखे जा रहे थे। बेहिसाबी नकदी और विदेशी मुद्रा की बरामदगी से यह भी संकेत मिलता है कि निर्धारित नियामकीय ढांचे का उल्लंघन कर नियमित लेखा अभिलेखों से बाहर विदेशी मुद्रा लेनदेन किए गए हो सकते हैं।