दूसरे दिन भी खंगाले गए सीसीटीवी फुटेज
बीकेटीसी की टीम ने बुधवार को दूसरे दिन भी सीसीटीवी फुटेज की गहन पड़ताल की। इसके साथ ही मंदिर समिति के कर्मचारियों से भी पूछताछ की। जांच के दौरान टीम ने करीब 40 दिन पुराने सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन किया और गणना प्रक्रिया से संबंधित गतिविधियों की बारीकी से जांच की। बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने बताया कि दिनभर अलग-अलग चरणों में फुटेज की जांच की गई। गणना कक्ष का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं और प्रक्रिया का भी परीक्षण किया गया। जांच अंतिम चरण में है और जल्द ही पूरी रिपोर्ट तैयार कर ली जाएगी।
अवकाश पर गया आरोपी कर्मचारी
गोपेश्वर। चढ़ावा चोरी का आरोपी बीकेटीसी कर्मचारी प्रमोद नौटियाल को समिति ने बदरीनाथ से हटाकर ज्योतिर्मठ कार्यालय से संबद्ध कर दिया है। इस समय नौटियाल एक सप्ताह के अवकाश पर है। उसने चार जुलाई को कार्यालय में आकस्मिक अवकाश का प्रार्थना पत्र दिया है।
चढ़ावा चोरी गोहत्या, माता-पिता की हत्या के बराबर : मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बदरीनाथ धाम में चढ़ावा चोरी को गोहत्या और माता-पिता की हत्या के बराबर बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे अपराध को माफ नहीं किया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने यह बात बुधवार को हरिद्वार में पत्रकार वार्ता के दौरान कही। बुधवार को सीएम पुष्कर सिंह धामी प्रसिद्ध कथा वाचक मोरारी बापू से आशीर्वाद लेने हरिद्वार पहुंचे थे। पत्रकारोंं से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि मंदिर में चोरी जैसे प्रकरण के दोषियों को किसी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस अपना काम कर रही है। बताया कि चोरी प्रकरण में एक उच्चस्तरीय जांच समिति भी गठित की गई है, जो जल्द ही अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि मामले में सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।