आईआरसीटीसी 10 माह बाद ट्रेनों में ई कैटरिंग सेवा शुरू करने जा रहा है। फिलहाल फूड ऑन ट्रैक मोबाइल एप के जरिये यह सेवा देश के 57 बड़े स्टेशनों पर 250 स्पेशल ट्रेनों के लिए उपलब्ध होगी।
कोरोना संकट के चलते आईआरसीटीसी ने पिछले साल 22 मार्च को यह सेवा बंद कर दी थी। ट्रेनों का संचालन शुरू होने के बाद कई यात्रियों ने रेल मंत्रालय और आईआरसीटीसी से इस सेवा को शुरू करने की मांग की थी।
आईआरसीटीसी के जनसंपर्क अधिकारी आनंद कुमार झा ने बताया कि यात्री अब फूड ऑन ट्रैक एप से ट्रेन में ही आने वाले स्टेशन पर भोजन मंगा सकेंगे। यह सेवा फरवरी के पहले सप्ताह से शुरू की जाएगी।
1323 नंबर डायल करके भी खाना मंगाया जा सकता है।
इन प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर मिलेगी सुविधा
पटना, राउरकेला, सियालदाह, हावड़ा, न्यू जलपाईगुड़ी, आसनसोल, गुवाहाटी, झांसी, मथुरा, उज्जैन, सुरेंद्रनगर, पुणे, पनवेल, नासिक, बलारशाह, अकोला, सतना, जबलपुर, रतलाम, कानपुर सेंट्रल, ग्वालियर, लखनऊ, अंबाला कैंट, प्रयागराज, नई दिल्ली, अजमेर, वाराणसी, जयपुर, विजयवाड़ा, सूरत, इटारसी, कोटा, अहमदाबाद, सोलापुर, बड़ोदरा, नागपुर, भोपाल समेत 57 बड़े स्टेशनों पर यह सुविधा शुरू की जाएगी।