सेलाकुई। सभावाला चौकी क्षेत्र अंतर्गत मेदनीपुर गांव के पास शनिवार रात एक डंपर ने दो बाइक सवार लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में एक बाइक सवार की मौत हो गई। दूसरे युवक का इलाज हायर सेंटर में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात को सुरेंद्र चौहान (32) पुत्र रूपचंद निवासी बद्रीपुर सभावाला और शुभम (24) पुत्र अमर सिंह निवासी फतेहपुर ग्रांट बेहट दो अलग-अलग बाइकों से सभावाला की ओर जा रहे थे। रात करीब 12 बजे मेदनीपुर गांव के पास सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने दोनों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों उछल कर कुछ दूर सड़क पर जा गिरे। घटना के बाद डंपर चालक वाहन को मौके पर छोड़ फरार हो गया। सड़क से गुजर रहे लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने प्राइवेट वाहन से दोनों घायलों को सीएचसी सहसपुर पहुंचाया। जहां उपचार के दौरान सुरेंद्र चौहान ने दम तोड़ दिया। शुभम को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर भेज दिया गया। थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर राजीव रौंथाण ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है। फरार चालक की तलाश जारी है। तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।